Site icon Help Hindi Me

विश्व कंप्यूटर साक्षरता दिवस

Last updated on: December 7th, 2021

विश्व कंप्यूटर साक्षरता दिवस | World Computer Literacy Day

विश्व कंप्यूटर साक्षरता दिवस | World Computer Literacy Day

आज 2 दिसंबर है यानी विश्व कंप्यूटर साक्षरता दिवस (World Computer Literacy Day), 2 दिसंबर को प्रति वर्ष कंप्यूटर साक्षरता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को कंप्यूटर और इससे होने वाले फायदे के बारे में जागरूक करना है।

कंप्यूटर हमारे जीवन को किस तरह से आसान बना सकता है, इसके महत्व को भी आम-जनमानस को समझाना और लोगों को कंप्यूटर साक्षर बनाना इस दिन का मुख्य उद्देश्य है।

विश्व कंप्यूटर साक्षरता दिवस का इतिहास

भारत में विश्व कंप्यूटर साक्षरता दिवस की शुरुआत भारतीय प्रोफेशनल कॉरपोरेशन-NIIT द्वारा 2001 में की गयी थी, इसका उद्देश्य लोगों को कंप्यूटर और इससे होने वाले फायदों से अवगत करना था। 2001 के बाद से विश्व कंप्यूटर साक्षरता दिवस को भारत में भी मान्यता मिल गयी और फिर यह हर वर्ष 2 दिसंबर को मनाया जाने लगा।

21वीं सदी में कंप्यूटर का महत्व

आज के दौर में दुनिया में हर दिन नए बदलाव देखने को मिल रहे हैं, लोगों की ज़िन्दगी पहले से सुगम हुई है और इन सब का क्रेडिट जाता है नित्य नए तकनीकी बदलावों को, ये तकनीकी बदलाव कंप्यूटर के बिना संभव नहीं हैं।

लोगों की जरूरतों में रोटी, कपड़ा, मकान के अलावा अब कंप्यूटर भी शामिल हो गया है। हालांकि हम कंप्यूटर के अलग अलग स्वरूप को अपने दैनिक जीवन में अपनी सुविधा के अनुसार प्रयोग कर रहे हैं अब हम कंप्यूटर के बहुत सारे कार्य कंप्यूटर के बदले स्वरुप जैसे की लैपटॉप, टेबलेट, सेलुलर फ़ोन में कर रहे है, यह सब कंप्यूटर के ही प्रकार हैं।

इंटरनेट और सूचना क्रांति का जन-मानस से नाता

इंटरनेट और सूचना क्रांति के इस दौर में कंप्यूटर से अनभिज्ञ रहने वाला व्यक्ति सदियों पीछे चला जाएगा, वर्तमान के इस बदलते स्वरूप में कंप्यूटर के बिना न तो पढ़ाई की जा सकती है न ही कोई शोध कार्य पूरा किया जा सकता है। टाइपिंग करना हो, आंकड़ों का विश्लेषण करना या फिर अन्य मुश्किल कार्य जिन्हें व्यक्ति कई दिनों में कर पाता है उसको कंप्यूटर के द्वारा कुछ ही सेकंड में आसानी से किया जा सकता है।

इस प्रकार से देखा जाए तो कंप्यूटर ने एक लेखक, शिक्षक, बिजनेसमैन, अलग-अलग कार्यालयों में कार्य कर रहे कर्मचारियों का जीवन बहुत आसान कर दिया है। वर्तमान समय में कंप्यूटर के बिना कोई भी कार्य निष्पादित करना कठिन है।

आज हमारा छोटा से छोटा काम भी बिना कंप्यूटर के संभव नहीं है, वोटर आईडी कार्ड, आधार कार्ड, राशन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र अन्य प्रमुख मूलभूत दस्तावेज जो कि भारत में नागरिकता को प्रमाणित करते हैं, उन सभी को बनवाने के लिए या प्राप्त करने के लिए कंप्यूटर एक सरल एवं सशक्त माध्यम बन गया है।

सरकार की कल्याणकारी योजनाएं हो, अब उन सभी का फॉर्म भरने के लिए साइबर कैफे की मुख्य भूमिका है जहां पर कंप्यूटर के द्वारा इस काम को अंजाम दिया जाता है।

छात्र जीवन में कंप्यूटर का आधुनिक महत्व

वर्तमान समय में कंप्यूटर का विकास बहुत ही तेजी से हो रहा है ऐसे में शिक्षा के सभी आयामो में कंप्यूटर का उपयोग बहुत ही अधिक बढ़ गया है। बच्चों को कंप्यूटर के माध्यम से ऑनलाइन शिक्षा दी जा रही है। कंप्यूटर का इतना अधिक महत्व हो जाने की वजह से कंप्यूटर पढ़ाये जाने हेतु अलग से विभाग बनाए जा रहे हैं स्कूलों के साथ-साथ कई बड़े-बड़े इंस्टिट्यूट खोले जा रहे हैं जो सिर्फ कंप्यूटर से संबंधित ही शिक्षा देते हैं। वर्तमान समय में व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध कराने में कंप्यूटर बहुत बड़ी भूमिका अदा कर रहा है।

कोरोनावायरस की भयंकर बीमारी ने कंप्यूटर से अनभिज्ञ लोगों को भी कंप्यूटर सीखने के लिए विवश किया है। कोरोना जैसी भयंकर महामारी ने लोगों को अपने जीवन में इंटरनेट उपयोग करने के लिए विवश कर दिया, जब लोग घरों में कैद थे तो लोगों से मिलने-जुलने और संवाद का एकमात्र साधन कंप्यूटर रह गया था।

आज कोई भी महत्वपूर्ण ईमेल भेजना हो, मीटिंग करना हो या कोई इवेंट का आयोजन हो, सब बहुत ही सुगमता पूर्वक इंटरनेट के माध्यम से कंप्यूटर पर आसानी से हो जाता है, सारे कार्यों को आसानी से कंप्यूटर से कर सकते है, और इंटरनेट एवं कंप्यूटर ने देश-विदेश में अपनों के बीच दूरियों को भी मिटा दिया है।

कंप्यूटर का दुष्प्रभाव

कंप्यूटर का प्रसार होने से मानव जीवन में कई समस्याएं भी बढ़ी हैं। कंप्यूटर ने हमारे जीवन को जितना आसान बनाया है उसका उतना नुकसान भी है। आज कंप्यूटर के माध्यम से अलग-अलग साइबर अपराध हो रहे हैं, जैसे साइबर क्राइम, किसी की निजी जानकारी इंटरनेट पर साझा करना, गुप्त बातचीत सार्वजनिक करना, पैसे के लेनदेन में सेंधमारी जैसी तमाम समस्याएं मनुष्य के सामने चुनौती बनकर खड़ी हो रही हैं।

साथ ही हम कह सकते है कि कंप्यूटर हमारे जीवन के लिए उपयोगी है लेकिन इसका सतर्कता से इस्तेमाल किया जाना चाहिए नहीं तो यह हमारे लिए नुकसान दायक भी हो सकता है।

Computer से जुड़े हुए महत्वपूर्ण लेख

आपको हमारा लेख कैसा लगा हमें कमेंट करके जरूर बताएं, अपने सुझाव या प्रश्न भी कमेंट सेक्शन में जा कर पूछ सकते हैं। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए HelpHindiMe को Subscribe करना न भूले।

Exit mobile version