Site icon Help Hindi Me

फर्राटेदार अंग्रेजी कैसे बोले

https://helphindime.in/how-to-speak-fluent-english-some-useful-tips-in-hindi/
फर्राटेदार अंग्रेजी कैसे बोले | How to speak fluent English | Some Useful Tips in Hindi

Table of Contents

फर्राटेदार अंग्रेजी कैसे बोले | How to speak fluent English


यदि आप भी बोलना चाहते हैं फर्राटेदार अंग्रेजी, तो अपनाएं ये आसान टिप्स

अंग्रेजी एक वैश्विक भाषा बन चुकी है। देश और दुनिया में ऐसा कोई कोना नहीं है जहां अंग्रेजी भाषा का प्रयोग न किया जाता हो। मौजूदा समय में स्कूल, कॉलेज से लेकर कार्यालय तक हर जगह अंग्रेजी एक जरूरत बन चुकी है। कुछ लोगों का मानना है कि अंग्रेजी एक कठिन भाषा है और इसे सीखने में काफी समय लगता है। लेकिन हम आपको बता दें, अन्य भाषाओं की तरह अंग्रेजी भी एक आसान भाषा है। अंग्रेजी बोलना सीखने के लिए अंग्रेजी का गहन अध्ययन करना जरूरी नहीं है। जैसे एक छोटा बच्चा अपनी मातृभाषा में शुरुआत से ही बोलना सीख लेता है वैसे ही आप अंग्रेजी भी सीख सकते हैं। इसीलिए आज हम आपको बताने जा रहे हैं अंग्रेजी में फर्राटेदार बात करने के कुछ आसान और मजेदार टिप्स:-

1. अंग्रेजी बोलने की अपनी हिचकिचाहट को करें दूर

कई लोग ऐसे होते हैं जो अंग्रेजी समझते तो है लेकिन बोलने में हिचकिचाहट महसूस करते हैं। उन्हें लगता है कि यदि वे अंग्रेजी में बोलना शुरू करेंगे तो आसपास के लोग उनका मजाक उड़ाएंगे। लेकिन यदि आप हमेशा यही सोचकर प्रयास करना बंद कर देते हैं तो आप कभी अंग्रेजी नहीं सीख पाएंगे। इसलिए रोजाना हर एक बात अंग्रेजी में बोलने की कोशिश करें तभी आप अन्य लोगों की तरह अंग्रेजी में धाराप्रवाह बात कर पाएंगे।

2. व्याकरण को करें नजरअंदाज

यदि आप अंग्रेजी में बात करना चाहते हैं तो व्याकरण को बिल्कुल नजरअंदाज कर दें। क्योंकि एक तरफ जहां अंग्रेजी के लेखन में व्याकरण ज़रूरी होता है वही अंग्रेजी बोलने में आपको व्याकरण की जरूरत नहीं होती। यदि आप व्याकरण को ध्यान में रखकर अंग्रेजी बोलने की कोशिश करेंगे तो आप न सिर्फ भ्रमित होंगे बल्कि इससे आपका अध्ययन भी धीमा हो जाएगा। जितने भी अंग्रेजी भाषी देश है वहां अधिकतर लोगों को व्याकरण का सिर्फ 20 से 25 फीसदी ज्ञान होता है, लेकिन फिर भी वे अंग्रेजी में धाराप्रवाह बात कर सकते हैं।

3. अंग्रेजी सीखने के लिए इंटरनेट का करें इस्तेमाल

यह इंटरनेट का जमाना है यहां आपको हर चीज इंटरनेट से ही मिल जाती है। अंग्रेजी सीखने के लिए आप इंटरनेट में ऐसे वेबसाइट और ऐप की तलाश कर सकते हैं जो आपको अंग्रेजी की मुफ्त ट्रेनिंग दे। इसके अलावा आप यूट्यूब में भी अंग्रेजी बोलने की क्लासेस ले सकते हैं। एक कहावत है कि पढ़ने के मुकाबले इंसान सुनकर ज्यादा सीखता है। ऐसे में यदि आप रोजाना अंग्रेजी सुनकर सीखते हैं तो आप जल्द अंग्रेजी सीख सकेंगे।

4. अंग्रेजी में सबटाइटल वाली फिल्में देखें

यदि आप मनोरंजक पूर्ण तरीके से अंग्रेजी सीखना चाहते हैं तो इसके लिए आप अंग्रेजी फिल्मों को देख सकते हैं। लेकिन ध्यान रहे आप ऐसी फिल्मों को देखिए जिनमें अंग्रेजी में उपशीर्षक हो। क्योंकि फिल्मों में हर सीन कुछ सेकंड्स में बदलता रहता है। ऐसे में एक से ढाई घंटे की फिल्म में आप अंग्रेजी के हज़ारों शब्दों को सीख सकते हैं। कई ऐसी अंग्रेजी फिल्में हैं जो भारत में काफी प्रचलित हैं जैसे कि एवेंजर्स, कैप्टन अमेरिका आदि। आप इन शानदार फिल्मों से अपने अंग्रेजी सीखने की यात्रा की शुरुआत कर सकते हैं।

5. अंग्रेजी के समाचार पत्र पढ़ें

अंग्रेजी सीखने का सबसे प्रभावशाली तरीका है अंग्रेजी के समाचार पत्र पढ़ना। कहा जाता है कि एक समाचार पत्र 80 पन्नों की एक किताब के बराबर होता है। यानी आप इसके जरिए अंग्रेजी के कई हजार शब्दों को सीख सकते है। अंग्रेजी समाचार पत्र पढ़ने से न सिर्फ आपकी अंग्रेजी सुधरेगी बल्कि आपको देश और दुनिया से संबंधित कई जानकारियां हासिल होंगी।

6. अंग्रेजी के प्रसिद्ध गानों के लिरिक्स याद करें

आजकल कई लोग अंग्रेजी गाने सुनना पसंद करते हैं। आप अपने इस शौक को अंग्रेजी सीखने में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। आपको जितने भी अंग्रेजी गाने पसंद है उन अंग्रेजी गानों के लिरिक्स पढ़कर याद करने की कोशिश करें। इससे आपको अंग्रेजी सीखने में आसानी होगी। साथ ही यह तरीका काफी मजेदार भी है।

7. खुद से अंग्रेजी में बात करें

यदि आप अपने अंग्रेजी बोलने के कॉन्फिडेंस में इजाफा करना चाहते हैं तो शीशे के सामने खड़े हो जाए और खुद से ही अंग्रेजी में सवाल-जवाब करें। यह अंग्रेजी सीखने के सबसे आसान तरीकों में से एक है क्योंकि इससे आपके अंग्रेजी बोलने का डर खत्म हो जाएगा। दिन में आप कोई भी अंग्रेजी का विषय चुन ले। उस विषय पर लगातार एक से दो घंटे बोलने की कोशिश करें।

8. अंग्रेजी के शब्दों की जगह अंग्रेजी के वाक्यांशों को सीखें

कई लोग अंग्रेजी के शब्दों को सीखने पर जोर देते हैं। लेकिन इन शब्दों को सीखने के साथ ही अंग्रेजी के वाक्यांशो को भी सीखना जरूरी है, क्योंकि कई लोग अंग्रेजी में कई शब्द तो सीख लेते हैं लेकिन इन्हें वाक्यांश में पिरोना नहीं जानते जिस वजह से वह उचित वाक्य नहीं बोल पाते।

9. अंग्रेजी सुनकर सीखें

एक अच्छा श्रोता ही एक अच्छा वक्ता बन सकता है। इसी तरह यदि आप अंग्रेजी में वाक्य और कहावतों को सुनते हैं तो आपके शब्द भंडार में बढ़ोतरी होती है। इसके साथ ही यह आपको सटीक व्याकरण संरचना, वाक्य निर्माण और उच्चारण सिखाने में भी मदद करता है। बचपन में छोटे बच्चे स्कूल जाए बिना ही अपनी भाषा में बात करना सीख जाते हैं। यही चीज़ अंग्रेजी के साथ भी है। यदि आप अंग्रेजी सुनते हैं तो आप अंग्रेजी में प्राकृतिक रूप से बोलना भी सीख जाते हैं।

10. दैनिक चीजों की मदद ले

आप अपनी रोजमर्रा की चीजों से भी अंग्रेजी सीख सकते हैं। जैसे आप सुबह उठकर हिंदी समाचार चैनल की जगह अंग्रेजी में समाचार सुन सकते हैं। इसके साथ ही यदि आप सड़क पर खाली जा रहे हैं तो आप दीवार तथा दुकानों में लगे होर्डिंग-बोर्डिंग तथा विज्ञापनों को पढ़ते चले जाएं। इससे आपकी अंग्रेजी की प्रैक्टिस हो जाएगी।

11. अंग्रेजी की किताबें पढ़ें

आप अंग्रेजी सीखने के लिए किताबों का भी सहारा ले सकते हैं। आप रोजाना अपने दिन का एक घंटा अंग्रेजी की किताब पढ़ने में निकालें। यदि किताब पढ़ने के दौरान आपको ऐसा लगे कि आप उसके विषय वस्तु समझ नहीं पा रहे हैं। तब भी घबराए नहीं आप बस पढ़ते चले जाएं। पढ़ने के दौरान आप ऐसे शब्दों पर निशान लगा ले जो आपकी समझ में नहीं आ रहे। फिर उनको डिक्शनरी में ढूंढ कर याद करने की कोशिश करें। इससे आपके शब्द भंडार में बढ़ोतरी होगी।

12. अंग्रेजी में सोचें

आप अपने दैनिक जीवन में कोई भी चीज देखते हैं तो आपके दिमाग में उस चीज को लेकर कोई ना कोई ख्यालात जरूर आते हैं। लेकिन आप उस चीज के बारे में हिंदी में सोचने की जगह अंग्रेजी में सोचना शुरू करें तथा याद करें कि उसे अंग्रेजी में क्या कहते हैं। यदि आप रोजाना यही तरीका अपनाते हैं तो इससे धीरे-धीरे आपको उक्त आसपास की चीजों को अंग्रेजी में क्या कहते हैं, इस बारे में समझ विकसित हो जाएगी।

13. डिक्शनरी की मदद लें

यदि आप अंग्रेजी सीखने के इच्छुक है तो अपने पास एक डिक्शनरी जरूर रखें। आप डिक्शनरी अपने फोन में डाउनलोड भी कर सकते हैं। इस डिक्शनरी की मदद से रोज 10 शब्दों को याद करें तथा उनका उच्चारण करें इससे आपके शब्द भंडार में बढ़ोतरी होगी। जिसकी मदद से आप भी बेअटक अंग्रेजी बोल सकेंगे।

14. दोस्तों के साथ अंग्रेजी की प्रैक्टिस करें

आप अपने दोस्तों के सामने बिना हिचकिचाहट के अंग्रेजी बोल सकते हैं, इसीलिए अपने दोस्तों के सामने अंग्रेजी बोलने की प्रैक्टिस करें। इससे आपको यह भी पता चल जाएगा कि आपने अपने अंग्रेजी में कितनी इंप्रूवमेंट की है।

15. अंग्रेजी में ब्लॉग लिखें और पढ़ें

अंग्रेजी सीखने के लिए ब्लॉग सबसे बेहतरीन प्लेटफार्मों में से एक है क्योंकि इसके जरिये आप न सिर्फ अपने विचारों को बेझिझक लिख सकते हैं बल्कि दूसरों के ब्लॉग से भी नॉलेज हासिल कर सकते हैं। इसकी मदद से आपकी अंग्रेजी की वोकेबुलरी भी सुधरेगी।



कैसे जाने अपने जीवन का लक्ष्य

आत्मविश्वास कैसे बढ़ाये

निष्कर्ष

इन आसान टिप्स की मदद से आप अंग्रेजी बोलना जल्द से जल्द सीख जाएंगे। लेकिन ध्यान रहे अंग्रेजी बोलने के लिए सिर्फ यह टिप्स ही नहीं काम आएंगे बल्कि इसके साथ ही आपके अंदर अंग्रेजी सीखने का जज्बा होना चाहिए। आप यह ठान कर चले कि मैं इतने समय के अंदर अंग्रेजी बोलना सीख कर ही दम लूंगा। यदि आप इसी सोच के साथ आगे बढ़ते है तो इससे आपके अंग्रेजी सीखने का सपना जल्द ही पूरा हो सकेगा। इसीलिए आज ही अंग्रेजी सीखना आरंभ करें और बेधड़क अंग्रेजी बोले।

तो ऊपर दिए गए लेख में आपने पढ़ा कि फर्राटेदार अंग्रेजी कैसे बोले | How to speak fluent English, उम्मीद है आपको हमारा लेख पसंद आया होगा।

आपको हमारा लेख कैसा लगा हमें कमेंट करके जरूर बताएं, अपने सुझाव या प्रश्न भी कमेंट सेक्शन में जा कर पूछ सकते हैं। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए HelpHindiMe को Subscribe करना न भूले।

Author:

भारती, मैं पत्रकारिता की छात्रा हूँ, मुझे लिखना पसंद है क्योंकि शब्दों के ज़रिए मैं खुदको बयां कर सकती हूं।

Exit mobile version