Site icon Help Hindi Me

योग और व्यायाम में अंतर

what is the difference between yogasana and exercise in hindi
योग और व्यायाम या कसरत में अंतर | What is the difference between Yoga and Exercise in Hindi

Difference between Yoga and Exercise in Hindi

आज की भाग दौड़ भरी जिंदगी में लोग डॉक्टर व दवाइयों पर निर्भर होते जा रहे हैं। वहीं कई लोग ऐसे होते हैं जो खुद को स्वस्थ रखने के लिए योग या व्यायाम का सहारा लेते हैं। कई लोग ऐसे भी हैं जिन्हें लगता है कि योग व्यायाम का ही हिस्सा है। हालांकि ऐसा नहीं है, योग और व्यायाम दोनों ही दो अलग-अलग चीजें हैं।

परन्तु इन दोनों का ही मकसद शरीर को स्वस्थ रखना होता है। एक तरफ जहां कसरत सिर्फ एक शारीरिक प्रक्रिया का हिस्सा होती है, जिससे शरीर को सुडौल बनाया जाता है। वहीं दूसरी ओर योग सिर्फ शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक और भावनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा होती है।

इन दोनों के ही अपने-अपने लाभ है इसलिए आज हम आपको बताएंगे कि योग और व्यायाम में क्या अंतर है जिससे आप भी अपने आवश्यकता अनुसार इन दोनों में से किसी एक को या दोनों को अपना कर खुद को स्वस्थ बना सकते हैं।

तो आइए जानते हैं इन दोनों के मध्य अंतर:-

योग क्या होता है? (What is Yoga in Hindi?)

योग संस्कृत के “योग:” शब्द से निकला है जिसका अर्थ होता है, “एक साथ लाना या जुड़ना।” योग एक आध्यात्मिक प्रक्रिया होती है जिसके तहत शरीर, मन और आत्मा को आपस में एक साथ लाया जाता है। योग स्वस्थ जीवन जीने के लिए एक प्राचीन कला है।

योग को लेकर कई तरह की परिभाषाएं प्रचलित है जिनमें से कुछ निम्नलिखित हैं:-

1. विष्णु पुराण के मुताबिक“योगः संयोग इत्युक्त: जीवात्मा परमात्मने” यानी कि जीवात्मा का परमात्मा से मिलन को योग कहते हैं।

2. हठयोग प्रदिपिका के मुताबिक- “सलिबे सैंधवं यद्वत साम्यं भजति योगत:। तयातम्मनसोरैक्यं समाधिरभी धीयते।” यानी कि जिस तरह नमक पानी में मिलकर पानी की समानता को प्राप्त कर लेता है। उसी तरह जब मन भी वृत्तिशुन्य होकर आत्मा के साथ एकरूपता को हासिल कर लेता है तब मन की उस अवस्था का नाम समाधि है।

3. रांगेय राघव के अनुसार- उनके अनुसार योग शिव और शक्ति का मिलन है।

इसके अलावा योग कई प्रकार के होते हैं जिनमें राजयोग, हठयोग, लय योग और मंत्र योग शामिल है। इन प्रकारों के अलावा गीता में भी योग के दो प्रकारों का उल्लेख किया गया है जो है कर्म योग और ज्ञान योग

व्यायाम किसे कहते हैं? (What is an Exercise in Hindi?)

स्वस्थ जीवन जीने के लिए व्यायाम का काफी महत्व होता है। व्यायाम शरीर को तो स्वस्थ रखता ही है। साथ ही व्यक्ति के स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाता है। व्यायाम की मदद से शरीर के प्रत्येक भाग में रक्त का संचार होता है। यह हमारे शरीर को बलशाली बनाता है जिससे कई दैनिक क्रियाएं हमारे लिए आसान हो जाती हैं। कई कारणों से व्यायाम किए जाते हैं जिनमें मांसपेशियों को मजबूत करना, सुडौल शरीर पाना, एथलीट क्षमता बढ़ाना, वजन कम करना आदि शामिल है।

व्यायाम के अंतर्गत जॉगिंग करना, चलना, खेलना, जिम में उपकरणों के इस्तेमाल से की जाने वाली क्रिया, यह सभी व्यायाम में आती है। समय के साथ-साथ व्यायाम लोगों के बीच लोकप्रिय हो चुका है। आज हर कोई सुडौल शरीर पाने के लिए व्यायाम की ओर आकर्षित हो रहा है क्योंकि हर कोई व्यायाम के लाभों से वाकिफ है।

योग की तरह ही व्यायाम भी कई प्रकार का होता है जिनमें से मुख्य रूप से तीन प्रकार शामिल है जिसमें पहला है स्ट्रैचिंग, एरोबिक व्यायाम, एनारोबिक व्यायाम

योग और व्यायाम में अंतर (Difference between Yoga and Exercise in Hindi)

1. पाचन शक्ति –

योग और व्यायाम में पहला अंतर है पाचन शक्ति में भिन्नता। व्यायाम में शारीरिक मेहनत ज्यादा करनी पड़ती है जिससे आपकी पाचन शक्ति तेज हो जाती है। यही वजह है कि व्यायाम करने वाले व्यक्ति को काफी भूख लगती है। वहीं दूसरी ओर योग में शारीरिक मेहनत की कम आवश्यकता होती है यही वजह है कि इससे पाचन शक्ति धीमी हो जाती है और भूख भी कम लगती है।

2. ऊर्जा-

व्यायाम तीव्रता से की जाती है जिसके लिए ज्यादा शारीरिक ऊर्जा की जरूरत होती है। वहीं दूसरी ओर योग एक धीमी प्रक्रिया है जिसे करते समय धीरे-धीरे प्रत्येक चरण को किया जाता है जिसमें उर्जा भी कम खर्च होती है।

3. थकान-

आपने अक्सर देखा होगा कि जो लोग व्यायाम करते हैं वह काफी ज्यादा थक जाते हैं। व्यायाम शरीर को थकाने वाली क्रिया है जबकि योग के दौरान थकान महसूस नहीं होती। योग करने से आप खुद को तरोताजा महसूस करते हैं।

4. सांस लेने की प्रक्रिया में अंतर-

योग के दौरान सांसों में संतुलन स्थापित किया जाता है। प्रत्येक आसन में एक निश्चित समय में सांस ली और छोड़ी जाती है। योग में सांसो पर ध्यान केंद्रित करना जरूरी होता है। वही व्यायाम के दौरान तीव्र शारीरिक क्रिया के चलते चलते हमारी सांस फूलने लगती है। व्यायाम में सांसों पर ज्यादा ध्यान केंद्रित नहीं किया जाता।

5. असर में अंतर-

योग और व्यायाम का असर अलग-अलग होता है। एक तरफ योग हमारे आंतरिक अंगों पर असर करता है। वही व्यायाम का असर शरीर के बाहर दिखाई देता है। इससे शरीर ताकतवर और सुडौल हो जाता है।

6. मांसपेशियों में लचीलापन और कसावट-

लगातार व्यायाम करने से मांसपेशियों में कसावट आती है, जिससे मांसपेशियां मजबूत हो जाती हैं। कई बार व्यायाम करने से मांसपेशियों को भी नुकसान पहुंचता है। वहीं दूसरी और योग करने से शरीर और मांसपेशियां लचीली हो जाती है। लगातार योग करने से सहनशक्ति में बढ़ोतरी होती है तथा मांसपेशियां कमजोर नहीं होती।

7. उम्र में भिन्नता-

व्यायाम और योग के मध्य उम्र को लेकर भिन्नता है। एक तरह देखा जाए तो व्यायाम हर उम्र का व्यक्ति नहीं कर सकता। वृद्ध और बीमार व्यक्ति व्यायाम नहीं कर सकते। हालांकि योग सभी उम्र के लोग कर सकते हैं। चाहे वह बच्चे हो, बूढ़े हो या बीमार हो क्योंकि कई बीमारियों का इलाज भी योग में संभव है।

8. सिद्धांतों को लेकर भिन्नता-

योग के पांच अहम सिद्धांत है इन्हीं सिद्धांतों के आधार पर योग किया जाता है जिस में शामिल है सही भोजन,सही सांसे, नियमित योग, सही सोच और आराम। जबकि व्यायाम सिद्धांत बद्ध नहीं है।

9. योग और व्यायाम के लाभों में अंतर-

व्यायाम का लाभ सबसे ज्यादा शरीर को मिलता है क्योंकि यह शरीर को ताकतवर बना देती है। जबकि योग का लाभ सिर्फ शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक भी होता है। व्यायाम करने से हमारी मानसिक शक्ति बढ़ती है तथा हम अपनी इंद्रियों को वश में करने में सक्षम हो जाते हैं।

10. साधनों की आवश्यकता-

व्यायाम करने के लिए आपको कई उपकरणों की जरूरत होती है। साथ ही इसके लिए पर्याप्त जगह भी ज़रूरी होती है। लेकिन योग के लिए आपको बहुत कम जगह की आवश्यकता होती है और इसमें सिर्फ एक मैट का इस्तेमाल होता है।

निष्कर्ष

इन दोनों के मध्य अंतरों से हमने जाना कि योग और व्यायाम दोनों के अपने-अपने लाभ हैं। एक तरफ व्यायाम शरीर को सुडौल, स्वस्थ करने तथा शरीर को गतिशील बनाने के लिए आवश्यक है वहीं दूसरी ओर हमारे मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए योग जरूरी होता है। योग हमारे समाज में प्राचीन समय से चला आ रहा है जबकि व्यायाम आधुनिक है।

कई लोगों कहना है कि योग वृद्ध व्यक्तियों के लिए उपयुक्त है। लेकिन यह बिल्कुल सही नहीं है क्योंकि आजकल हर उम्र के व्यक्ति योग करते हैं। स्कूलों में बच्चों से भी योग करवाए जाते हैं। वहीं दूसरी ओर व्यायाम नौजवानों के बीच काफी प्रचलित है। हर नौजवान की यह इच्छा होती है कि वे स्वस्थ व सुडौल शरीर प्राप्त करें जिसके लिए वह अपना अधिकतर समय जिम में बिताते हैं। हालांकि इन दोनों को करने से आपके शरीर को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है।

शैंपू और कंडीशनर के बीच अंतर

प्यार और आकर्षण में अंतर

सरकारी नौकरी और प्राइवेट नौकरी में अंतर

तो ऊपर दिए गए लेख में आपने जाना योग और व्यायाम या कसरत में अंतर | What is the difference between Yoga and Exercise in Hindi, उम्मीद है आपको हमारा लेख पसंद आया होगा।

आपको हमारा लेख कैसा लगा हमें कमेंट करके जरूर बताएं, अपने सुझाव या प्रश्न भी कमेंट सेक्शन में जा कर पूछ सकते हैं। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए HelpHindiMe को Subscribe करना न भूले।

Author:

भारती, मैं पत्रकारिता की छात्रा हूँ, मुझे लिखना पसंद है क्योंकि शब्दों के ज़रिए मैं खुदको बयां कर सकती हूं।

Exit mobile version